बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए अधिसूचना जारी पटना(ईएमएस)। बिहार की सियासत में एक बार फिर चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। बिहार विधान परिषद की खाली होने वाली विधानसभा कोटे की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सोमवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी होने जा रही है। इस अधिसूचना के जारी होने के साथ ही सभी प्रत्याशी अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे और इसके साथ ही सूबे में राजनीतिक शह-मात का नया खेल शुरू हो जाएगा। इस चुनावी गहमा-गहमी के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने विधान परिषद चुनाव लड़ने की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’पर एक तीखा पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि कुछ लोग उनके विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशी बनने की अफवाह फैला रहे हैं, लेकिन इस तरह के झूठ फैलाने से उनकी छवि पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि इससे पहले भी उनके नाबालिग बेटे और सासू मां के विधानसभा चुनाव लड़ने की झूठी अफवाहें फैलाई गई थीं। उन्होंने साफ किया कि उनका विरोध हमेशा गलत नीतियों के खिलाफ रहा है और वह आगे भी जारी रहेगा। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। इसके अगले दिन यानी 9 जून को सभी दाखिल नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून निर्धारित है। यदि आवश्यक हुआ, तो इन सभी सीटों के लिए 18 जून को सुबह से मतदान कराया जाएगा और उसी दिन शाम तक चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। चूंकि ये सभी सीटें सीधे विधानसभा कोटे की हैं, इसलिए इसमें विधायकों के वोट ही प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला करने में बेहद निर्णायक साबित होंगे। दूसरी तरफ, एनडीए ने इस चुनाव को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मार्च 2026 में राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की प्रचंड जीत हुई थी और ठीक उसी तरह इस बार विधान परिषद की सभी 10 सीटों पर भी एनडीए ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। उम्मीदवारों के चयन को लेकर पटना में जदयू के वरिष्ठ नेताओं और उपमुख्यमंत्री के बीच एक अहम बैठक भी संपन्न हुई है, जिसके बाद प्रत्याशियों के नामों की अंतिम घोषणा जल्द होने की उम्मीद है। वीरेंद्र/ईएमएस/01जून2026