खेल
01-Jun-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) को सफलता ऐसे ही नहीं मिली। इस जीत के लिए टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ ही ढेरों रन बनाये और जमकर विकेट लिए। टीम के प्रदर्शन में निरंतरता रही ओर पूरी टूर्नामेंट के दौरान टीम ने खेल के हर क्षेत्र में विरोधी टीमों को पछाड़ दिया। टूर्नामेंट में आरसीबी का प्रदर्शन हर मैच में इतना अच्छा रहा जिससे विरोधी टीमों की हर रणनीति विफल रही। पूरे टूर्नामेंट के 16 मैचों में लीग स्तर से लेकर प्लेऑफ में जमकर रन बने। टीम ने कुल 3,234 रन बना दिये। सत्र की शुरुआत से ही बल्लेबाजों ने दिखा दिया था कि उनका लक्ष्य जीत हासिल रकना है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले ही मैच में 203 रन बनाकर उन्होंने अपनी आक्रामक शैली दिखायी। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 250 रनों का बड़ा स्कोर हो, या राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 201 और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 240 रनों की पारियां, आरसीबी के बल्लेबाजों ने लगातार विरोधी गेंदबाजों को घवस्त कर दिया। लखनऊ के खिलाफ 149 रन या दिल्ली के खिलाफ 77 रन पर एक विकेट खोकर भी टीम ने जीत दर्ज कर अपनी जुझारु क्षमता दिखायी। क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 254 रन बनाकर आरसीबी ने दिखाया कि उसे रोकना संभव नहीं है जब भी बड़े मंच और फाइनल जैसे दबाव वाले मैच की बात आती है, अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली का चमकदार रिकार्ड सामने आत है। इस बार भी यही हुआ। विराट पूरे सत्र में आरसीबी के लिए रन मशीन साबित हुए और अंत में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जब टीम को एक मजबूत स्कोर की जरूरत थी, तब कोहली ने केवल 42 गेंदों पर सबसे ज्यादा 75 रनों की आक्रामक पारी खेली खेलकर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। आरसीबी के गेंदबाज भी बल्लेबाजों से किसी मायने में पीछे नहीं रहे। उसके गेंदबाजों ने कुल 104 विकेट लिए। जब-जब बल्लेबाजों ने कम रन बनाये। गेंदबाजों ने छोटे स्कोर का भी बचाव कर अपनी क्षमताएं दिखायीं। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 16 मैचों में कुल 28 विकेट लिए। इस दौरान उनका इकोनामी रेट केवल 7.95 रहा। इसके अलावा उभरते गेंदबाज रसिक डार ने भी 12 मैचों में 19 विकेट लिए। वहीं ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने 13 मैचों में 15 विकेट जबकि स्पिनर क्रुणाल पांड्या ने 16 मैचों में 14 विकेट लिए। इसके अलावा सुयश शर्मा, जैकब डफी, रोमारियो शेफर्ड और अभिनंदन सिंह ने भी अहम योगदान दिया जिससे गेंदबाजी आक्रमक बेहद मजबूत होकर उभरा। गिरजा/ईएमएस 01जून 2026