अहमदाबाद (ईएमएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मेंटर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक अपने 41 वें जन्मदिन पर उपहार में आईपीएल खिताब पाकर बेहद खुश है। कार्तिक ने इस खिताब के लिए जो रणनीति बनायी थी वह लगातार दूसरे साल सफल साबित हुई है। । 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर न सिर्फ ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया, बल्कि अपनी लगातार दूसरी खिताबी जीत दर्ज की। कार्तिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद आरसीबी के मेंटर बने थे। उसके बाद से ही उन्होंने टीम संयोजन को बेहतर बनाने की दिशा में काफी प्रयास किए थे और यह भी कहा था कि वे आईपीएल ट्रॉफी ना जीत पाने के टीम के लंबे इंतजार को खत्म करेंगे। उनका यह संकल्प 2025 में साकार हुआ, जब रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने 18 साल के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार अपना पहला आईपीएल खिताब जीता। वहीं अब टीम ने दूसरी बार ये खिताब जीता है। कार्तिक इस सीज़न में भी टीम को नई ऊंचाइयों पर ले गये। लीग स्टेज में शीर्ष पर रहने के बाद, टीम ने क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रनों के बड़े अंतर से हराया। फाइनल में भी उसने गुजरात के खिलाफ जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार खिताब जीता है। इस ऐतिहासिक जीत पर दिनेश कार्तिक की खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए अब तक का सबसे अच्छा जन्मदिन उपहार है। आरसीबी परिवार ने 18 साल का लंबा इंतजार खत्म किया और लगातार खिताब जीतकर सचमुच इतिहास रच दिया है। मैं सभी खिलाड़ियों का आभारी हूं, जिन्होंने मेरी छोटी-छोटी बातों और रणनीतियों को मैदान पर बखूबी उतारा। ईएमएस 01जून 2026