खेल
01-Jun-2026


हमारे साथ अन्याय हुआ बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की लगातार दूसरी बार आईपीएल में खिताबी जीत के जश्न के बीच ही कहा कि फाइनल मुकाबला बेंगुलरु में होना चाहिये था। शिवकुमार ने कहा कि आईपीएल फाइनल जिस प्रकार से अहमदाबाद में कराया गया है। उससे बेंगलुरु के करोड़ों प्रशंसकों के साथ अन्याय हुआ है। आरसीबी की जीत के बाद कर्नाटक, विशेषकर बेंगलुरु में जश्न का माहौल रहाहै। हजारों प्रशंसकों ने सड़कों पर उतरकर अपनी टीम की जीत के जश्न मनाया। ये प्रशंसका आतिशबाजी कर रहे थे। ढोल-नगाड़ों के साथ झूम रहे थे। इसी दौरान शिवकुमार ने फाइनल के आयोजन स्थल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, आरसीबी का मैच बेंगलुरु में होना चाहिए था। हमारे साथ गलत हुआ है। राजनीति की वजह से मैच किसी और जगह आयोजित किया गया। मैं इस मुद्दे पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता पर हमारे साथ अन्याय हुआ है। शिवकुमार का तर्क था कि यदि फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होता, तो लाखों स्थानीय प्रशंसकों को अपनी प्रिय टीम को खिताब जीतते हुए देखने का अविस्मरणीय अवसर मिलता। उनका मानना है कि आरसीबी और बेंगलुरु का रिश्ता बेहद खास है और टीम की सबसे बड़ी ताकत उसके घरेलू प्रशंसक हैं। हालांकि उन्होंने किसी राजनीतिक दल या संस्था का सीधा नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान ने क्रिकेट और राजनीतिक दोनों हलकों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा बहस का केंद्र बन गया है, जहां कई प्रशंसक शिवकुमार की भावनाओं से सहमत दिख रहे हैं और उन्हें लगता है कि घरेलू मैदान पर फाइनल न हो पाना सचमुच अन्याय था।इस सबके बावजूद, डीके शिवकुमार ने बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से आरसीबी को बधाई भी दी। ईएमएस 01जून 2026