खेल
01-Jun-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसी दौरान विराट की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी उत्साहित दिखीं। इस दौरान मैदान पर दोनों की केमिस्ट्री ने एक बार फिर सबका दिल जीत लिया और वे जीत के इस पल को साझा करते हुए नजर आये। आरसीबी की इस लगातार दूसरी जीत के बाद उसके खिलाड़ियों के अलवा प्रशंसक भी उत्साहित दिखे। इस दौरान अनुष्का खुशी से झूमती और तालियां बजाती नजर आईं। वहीं विराट कोहली ने भी अपनी इस शानदार जीत का जश्न अनुष्का के साथ रोमांटिक अंदाज में मनाया। जीत के जश्न के बीच ही विराट कोहली क्रिकेटर क्रुणाल पंड्या के बेटे पर प्यार जताते नजर आये। इसका का वीडियो भी आया है। विराट मैदान में क्रुणाल पंड्या के बेटे के साथ खेलते और शरारत करते नजर आए। इस दौरान अनुष्का भी विराट के साथ ही मौजूद थीं और विराट को नन्हे बच्चे के साथ खेलते देख खिलखिलाकर हंसती नजर आईं। यह नजारा स्टेडियम में मौजूद हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ले आया। विराट को क्रुणाल के बेटे संग इस तरह प्यार से खेलता देख प्रशंसकों को फौरन उनके अपने बच्चों, वामिका और अकाय की याद आ गई। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने विराट की इस ममतामयी छवि पर टिप्पणी करते हुए उनके बच्चों को देखने की उत्सुकता जताई। हालांकि, विराट और अनुष्का ने हमेशा से अपने बेटे और बेटी को लाइमलाइट से दूर रखने का फैसला किया है, और वे उनकी निजता का पूरा सम्मान करते हैं। फिर भी, यह पल फैंस के लिए एक संकेत था कि एक पिता के तौर पर विराट कितने भावुक हैं। ईएमएस 01जून 2026