क्षेत्रीय
01-Jun-2026


दरभंगा, (ईएमएस)। बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भलुल्ली गांव में 27 वर्षीय ध्यानी मंडल की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर शराब पीने से मौत होने की खबर प्रसारित की गई थी। मामले की जांच के लिए सिंहवाड़ा थाना पुलिस, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और मद्यनिषेध विभाग की टीम मृतक के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि ध्यानी मंडल को देर रात पेट दर्द की शिकायत हुई थी। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जांच में यह भी बताया गया कि मृतक ने शराब का सेवन नहीं किया था। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने मौत का कारण बीमारी (पेट दर्द) बताया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लिखित आवेदन देकर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार की अनुमति मांगी तथा किसी कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं बताई। दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीने से मौत की खबर पूरी तरह भ्रामक है। सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के ऐसी खबर प्रसारित करने वालों के खिलाफ जांच की जा रही है और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा- ०१ जून/२०२६/ईएमएस