मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का देखा गया सजीव प्रसारण फतेहपुर (ईएमएस)। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश स्तर पर लखनऊ में आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण रविवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में देखा और सुना गया। कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव तथा जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी संबोधन का भी प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने सुना। जनपद स्तर पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया था। इनमें से सात मेधावियों को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा एक-एक लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं शेष 14 मेधावी छात्र-छात्राओं को जनपद स्तर पर 21-21 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है और विद्यार्थियों की सफलता शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है तथा बेटियां भी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को सफलता का आधार बनाकर देश और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए को ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकदान अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं अच्छी पुस्तकों का अध्ययन कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना निदेशक डीआरडीए, सम्मानित छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक, शिक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। शीबू खान / ईएमएस 01 जून, 2026