स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान का जिला विचार वर्ग आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित सागर। स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान की ओर से जिला सागर महाकौशल प्रांत का एक दिवसीय जिला विचार वर्ग तिलकगंज स्थित मैजिस्टिक प्लाजा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के कार्यों, स्वदेशी व स्वावलंबन की वर्तमान में महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, गौ-आधारित अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत के विषय पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि क्षेत्र संगठक केशव दुबोलिया ने कहा कि वर्तमान समय में स्वदेशी को अपनाना और गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करना देश की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं और आम नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष भारत वर्ष में 5 हजार से अधिक विद्यालय एवं महाविद्यालय में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन हुआ जिसमें 8 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं सहभागी रहीं। 12 से 23 जनवरी 2026 तक स्वदेशी संकल्प दौड़ आयोजित हुई। 53 हजार आयोजन में 68 लाख युवक-युवतियां सहभागी रहीं। इस कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। वर्ष 2025 में विभिन्न स्थानों पर 55 स्वदेशी मेला हुए जिसमें 85 लाख से अधिक लोग उपस्थित हुए थे। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत 46 प्रांतों के 550 जिलों में कार्य हो रहा है। प्रांत संयोजक कपिल मलैया ने कहा कि आयोजन में राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी चेतना जैसे विषयों पर व्यापक मंथन हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षणार्थियों ने स्वदेशी आंदोलन से जुड़े व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष महाकौशल प्रांत में 500 से अधिक उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन हुए जिसमें 50 हजार से अधिक युवा व 500 से अधिक नवयुवा व्यवसायी जुड़े। प्रांत में विगत वर्ष 7 स्वदेशी मेले आयोजित हुए जिसमें 10 लाख से अधिक लोग सहभागी बने। प्रांत में रन फॉर स्वदेशी 1800 स्थानों पर आयोजित हुईं जिसमें डेढ़ लाख से अधिक युवा शामिल हुए। जिला संयोजक सौरभ रांधेलिया ने बताया कि जिला सागर के स्वावलंबन केंद्र व स्वदेशी मेलों से पिछले तीन वर्ष में 200 से ज्यादा युवा अपना स्वरोजगार कर स्थायित्व व्यवसायी बन गये हैं। इसके अलावा सागर जिले में तीन वर्षों में 300 से अधिक उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन में 30 हजार से अधिक युवा हिस्सा ले चुके हैं। जनवरी 2026 में रन फॉर स्वदेशी 600 से ज्यादा जगहों पर सागर में आयोजित हुईं जिसमें 15 हजार युवाओं ने हिस्सेदारी की। इन सब गतिविधियों से प्रभावित होकर आज सागर में युवा स्वयं के व्यवसाय करने को प्रेरित हो रहे हैं। जिला युवा आयाम प्रमुख अतुल अग्रवाल ने बताया कि सागर जिले में तीन स्वदेशी दुकान शुरू की जा चुकी हैं। विनय मलैया ने बीते दिनों लखनऊ में स्वदेशी व्यापारी मंच की राष्ट्रीय बैठक की जानकारी दी। कार्यक्रम में पूर्ण कालिक रविन्द्र ठाकुर ने उपस्थितजनों को शपथ दिलाई। मंच संचालन जिला सह संयोजिका सुनंदा तिवारी और जिला समन्वयिका सुष्मिता ठाकुर ने किया। आभार प्रदर्शन जिला महिला प्रमुख दीप्ति चंदेरिया ने माना। बैठक में शिव भीमसरिया, शिखर कोठिया, अखिलेश समैया, प्रांत युवा आयाम प्रमुख करण श्रीवास्तव, रानू चौहान, गौरव सिंह राजपूत, सुनीता अरिहंत और चंपक भाई आदि उपस्थित थे। ईएमएस/01/06/2026