क्षेत्रीय
01-Jun-2026


रांची(ईएमएस)।ऐतिहासिक बेड़ो जतरा महोत्सव के 60 वर्ष पूरे हो गये हैं।तीन जून को बेड़ो के बाजार टांड़ में सांस्कृतिक महाकुंभ का नजारा दिखेगा।तीन जून को दिन के 12 बजे से जतरा महोत्सव की शुरूआत होगी।जतरा महोत्सव के आयोजक विनोवा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ रविंद्रनाथ भगत ने कहा कि मेला के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री चमरा लिंडा, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सांसद सुखदेव भगत विधायक राजेश कच्छप को भी आमंत्रित किया गया है।महोत्सव में पद्मश्री मुकुंद नायक और पद्मश्री मधु मंसुरी भी शामिल होंगे। सोमवार को जतरा महोत्सव का पोस्टर भी लांच किया गया।डॉ रविंद्रनाथ भगत ने बताया कि इस ऐतिहासिक महोत्सव की शुरूआत तीन जून 1967 को हुई थी, जब करमचंद्र भगत (अब स्वर्गीय) पहली बार बेड़ो विधानसभा से विधायक चुने गए थे।उनकी जीत को पड़हा राजाओं ने पूरे समाज की जीत माना और बेड़ो, मांडर, इटकी, नगड़ी, भरनो और लापुंग क्षेत्र के पड़हा राजाओं ने पारंपरिक प्रतीक चिन्हों के साथ ऐतिहासिक विजय जुलूस निकाला था। इसके एक साल बाद 2 जून 1968 को गांव की एक आदिवासी महिला के साथ छेड़खानी के विरोध में हुए आंदोलन में पुलिस फायरिंग से छह आदिवासी युवा शहीद हो गये थे।तब प्रशासन ने माहौल शांत करने के लिए धारा 144 लगा दी थी।उस समय करमचंद भगत ने पड़हा राजाओं के साथ धारा 144 का उल्लंघन करते हुए जतरा का आयोजन किया।उसके बाद से यह महोत्सव हर साल आयोजित होने लगा।जतरा में पडहा राजा, पाहन और अन्य लोग लकड़ी के हाथी घोड़े और रंपा चंपा के साथ शामिल होने लगे।यह देवताओं के प्रतीक है। यह आयोजन उरांव जनजाति की पौराणिक स्वशासन पड़हा व्यवस्था का जीवंत उदाहरण है।महोत्सव के पोस्टर लांच कार्यक्रम में रामनारायण भगत, पांच पड़हा के पड़हा राजा नब्बू उरांव, आठ पड़हा के पड़हा के पड़हा राजा चरवा महतो, 10 पड़हा के पड़हा राडा रोहित उरांव, 12 पड़हा के राजा चरवा महतो और 21 पड़हा के महादेव उरांव मुख्य रूप से उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/01जून/26