भोपाल(ईएमएस)। हबीबगंज थाना इलाके में स्थित 12 नंबर मल्टी में बिजली चोरी और अवैध कनेक्शन काटने टीम के साथ पहुंचे लाइन हेल्पर को एक युवक ने चाकू दिखाकर कनेक्शन काटने पर हाथ काटने की धमकी दे डाली। आरोपी की धमकी और हाथ में धारदार हथियार देख टीम बिना कोई कार्रवाई किए बिना बैरंग लौट गई। बाद में मामले की शिकायत थाने में की गई, जहॉ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। थाना पुलिस के मुताबिक गोल्डन सिटी नीलबड़ निवासी जगदीश प्रसाद राठौर (56) ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया की वह एमपीईबी जोन ई-4, अरेरा कॉलोनी में लाइन हेल्पर हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह अपने साथी लाइन हेल्पर देवेन्द्र सिंह और आउट सोर्स कर्मचारियों के साथ 12 नंबर बीडीए मल्टी में मेंटेनेंस और अवैध बिजली कनेक्शन चेक करने गए थे। इस दौरान बीडीए मल्टी क्रमांक बी-7 मंदिर के पास मल्टी में अवैध बिजली कनेक्शन चेक करते समय चांद कौसर नामक युवक उनके पास पहुंचा, उसके हाथ में चाकू था। आरोपी ने टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि यदि उसका अवैध कनेक्शन काटा और मल्टी के किसी कनेक्शन को हाथ लगाया तो हाथ काट दूंगा। उस समय टीम वहां से बिना कार्यवाही के लौट आई, घटना की जानकारी लाइन हेल्पर जगदीश प्रसाद ने असिस्टेंट इंजीनियर को दी। असिस्टेंट इंजीनियर उसके साथ हबीबगंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही कर रही है। जुनेद / 1 जून