क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


शिवपुरी (ईएमएस)। शिवपुरी जिले में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। रविवार को पिछोर क्षेत्र के अहिल्याबाई होल्कर जयंती कार्यक्रम में विधायक ने कुख्यात डकैत रामबाबू गड़रिया की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और मंच से उसे अपना मित्र बताया। इस दौरान उन्होंने रामबाबू के पक्ष में कई बातें भी कहीं, जिससे राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छिड़ गई है। रामबाबू गड़रिया पर 13 गुर्जरों की हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों के आरोप रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि रामबाबू ने उनकी और उनके परिवार की कठिन समय में मदद की थी, इसलिए वह उसे जानते थे। विधायक के इस बयान के बाद विपक्ष ने भाजपा पर अपराधियों का महिमामंडन करने का आरोप लगाया है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी तस्वीरें वायरल होने के बाद लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विधायक के बयान पर सवाल उठाए जा रहे हैं। - 1 जून 2026