01-Jun-2026
...


- खरपतवार अनुसंधान निदेशालय में बनी रणनीति जबलपुर (ईएमएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आव्हान पर 1 जून से 30 जून तक माहभर चलने वाले “खेत बचाओ अभियान” के प्रभावी क्रियान्वयन के संदर्भ में खरपतवार अनुसंधान निदेशालय, जबलपुर में डॉ जे.एस. मिश्र निदेशक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थान के सभी वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों एवं अभियान के प्रमुख उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। चर्चा के दौरान यह उल्लेख किया गया कि जबलपुर क्षेत्र की अधिकांश मिट्टियां फॉस्फोरस से समृद्ध हैं। ऐसे में किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के विवेकपूर्ण एवं संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, जिससे अनावश्यक लागत में कमी लाई जा सके तथा मृदा स्वास्थ्य को संरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही हरी खाद, जैविक एवं जैव-उत्पादों के उपयोग तथा एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन की तकनीकों के संबंध में किसानों को विस्तृत जानकारी गाँव-गाँव तक पहुंचकर प्रदान करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत किसानों को स्थानीय परिस्थितियों एवं मौसम की संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए फसल चयन, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तथा संसाधन-कुशल कृषि पद्धतियों के बारे में व्यावहारिक एवं क्षेत्र-विशिष्ट सलाह प्रदान की जाएगी। बैठक का संचालन निदेशालय के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पी.के. सिंह द्वारा किया गया | डॉ. सिंह ने बताया कि निदेशालय द्वारा प्रतिदिन के हिसाब से अलग-अलग क्षेत्रों के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी अधिकारियो का गठन कर दिया गया है, जो गाँव-गाँव जाकर कृषकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से चर्चा कर तकनीकी जानकारी एवं प्रसार सामग्री प्रदान करेंगे| सुनील साहू / मोनिका / 01 जून 2026/ 05.14