राष्ट्रीय
01-Jun-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय संगीत जगत की मशहूर गायिका सुमन कल्याणपुर का 89 वर्ष की उम्र में मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हुआ। वे लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनके निधन की दुखद खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर गायिका सुमन के साथ अपनी तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, प्रसिद्ध गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायकी ने भारतीय संगीत और सांस्कृतिक जगत को समृद्ध बनाया। पीएम मोदी ने कहा कि सुमन कल्याणपुर ने अपने गीतों के जरिए संगीत प्रेमियों और भारतीय सिनेमा के प्रशंसकों के दिलों में एक खास जगह बनाई। उन्होंने उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सुमन कल्याणपुर का अंतिम संस्कार 1 जून को मुंबई में किया जाएगा। वे भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर की उन गिनी-चुनी गायिकाओं में से थीं, जिन्होंने अपनी आवाज से कई सदाबहार गीतों को अमर बनाया। उनके लोकप्रिय गीतों में आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे, ना ना करते प्यार तुम्हीं से कर बैठे और तुमने पुकारा और हम चले आए जैसे नगमे शामिल हैं। 1960 और 1970 का दशक उनके करियर का स्वर्णिम काल था, जब उन्होंने मोहम्मद रफी के साथ 140 से अधिक युगल गीत गाए। हिंदी, मराठी और अन्य भाषाओं में उन्होंने 740 से अधिक गीत गाए। उनकी आवाज की मिठास और लता मंगेशकर से मिलती-जुलती उनकी गायकी ने उन्हें एक विशेष पहचान दिलाई। उन्हें महाराष्ट्र सरकार सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। आशीष दुबे / 01 जून 2026