:: मध्य प्रदेश कुश्ती संघ की अनूठी पहल; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीसी के माध्यम से बढ़ाया समर्पित गुरुओं का मान :: इंदौर/उज्जैन (ईएमएस)। कठिन राहें, दुर्गम रास्ते और सामने खड़ी चुनौतियाँ भी जिनके हौसलों को डिगा नहीं सकीं, रविवार को उन राष्ट्र निर्माताओं के जज्बे को पूरा प्रदेश नमन कर रहा था। विपरीत परिस्थितियों के बीच ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाले उज्जैन संभाग के ऐसे 31 समर्पित शिक्षकों का रविवार को गरिमामयी सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से इस विशेष समारोह में जुड़कर शिक्षकों का अभिनंदन किया। मध्य प्रदेश कुश्ती संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में इन गुरुओं की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आत्मीय संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण और मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन शिक्षकों के प्रति आभार और सम्मान प्रकट किया जो सुदूर और पिछड़े अंचलों में तैनात हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, जो शिक्षक नदी-नाले पार कर, कई मील पैदल लंबी दूरी तय कर और तमाम घरेलू व भौगोलिक चुनौतियों का सामना करते हुए बच्चों तक शिक्षा पहुँचा रहे हैं, वे वंदनीय हैं। वे न केवल विद्यार्थियों का भविष्य संवार रहे हैं, बल्कि समाज के विकास की नींव भी रख रहे हैं। समारोह के दौरान जब इन 31 शिक्षकों के संघर्ष, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा को रेखांकित किया गया, तो पूरा सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठा। उपस्थित प्रबुद्धजनों ने इन शिक्षकों के जीवन और कार्यों को समाज व नई पीढ़ी के लिए परम प्रेरणादायी बताया। इस अनूठे सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष उमेश ठाकुर, सचिव सुरेंद्र यादव, संजय सिंह ठाकुर और नारायण यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम को स्वामीनारायण आश्रम से पधारे स्वामी आनंद जीवन दास एवं स्वामी हरिनंद स्वामी का आशीर्वाद और सानिध्य भी मिला। इसके साथ ही प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, जय सिंह दरबार, शिवाप्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और शिक्षक समुदाय उपस्थित रहा। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षकों ने इस अनूठी पहल के लिए मुख्यमंत्री और आयोजकों के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया। प्रकाश/01 जून 2026