गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और बीफ निर्यात बंद करने की गुहार बालाघाट (ईएमएस). जिले में मुस्लिम समाज द्वारा गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। मुस्लिम जागृति मंच के बैनर तले यह ज्ञापन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा गया। बालाघाट में सोमवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने गौवंश संरक्षण को लेकर एकजुटता दिखाते हुए कलेक्टर मृणाल मीना को ज्ञापन सौंपा। मुस्लिम जागृति मंच के माध्यम से दिए गए इस ज्ञापन में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और बीफ निर्यात को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की गई है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि देश में गौवंश को लेकर लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनती रहती है। कई जगह मॉब लिंचिंग और आपसी संघर्ष की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। ऐसे में इस विषय पर स्थायी समाधान निकालना आवश्यक बताया गया है। मंच ने यह भी उल्लेख किया कि देश के विभिन्न समुदायों में गौवंश को लेकर अलग-अलग मान्यताएं हैं, लेकिन देशहित और सामाजिक समरसता के लिए एक समान कानून बनाना जरूरी है। ज्ञापन में दावा किया गया कि मुस्लिम समाज का एक बड़ा वर्ग अब गौमांस का त्याग करने के पक्ष में है। इसके साथ ही चमड़े से बनने वाले उत्पादों पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई है। मंच का कहना है कि इससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जा सकेगा। मुस्लिम जागृति मंच ने केंद्र सरकार से अपील की है कि संसद के आगामी सत्र में इस संबंध में विधेयक लाकर कानून बनाया जाए, जिसमें गौवंश की हत्या पर कठोर दंड का प्रावधान हो। ज्ञापन सौंपने के दौरान युनूस खान, रियाज अली, अंसार अहमद खान, रशीद खान, रफी अंसारी, रहीम भाई, कादर फखरुद्दीन, शाहबाज खान, सोहेल खान, एजाज खान, सरफराज खान, इमरान कुरैशी, अनीस बेग, अनीश मेमन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।