01-Jun-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने पानी के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाया है। रविवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सूर्यप्रकाश उके एवं नगर पालिका इंजीनियर ज्योति मेश्राम ने शहर के विभिन्न वाहन वॉशिंग सेंटरों का निरीक्षण किया और संचालकों को तत्काल प्रभाव से वाहन धुलाई का कार्य बंद रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र एवं बैहर रोड स्थित वाहन वॉशिंग सेंटरों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संचालकों को समझाइश देते हुए कहा कि वर्तमान में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिसके कारण शहर में पेयजल की समस्या गंभीर होती जा रही है। ऐसी स्थिति में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बड़ी मात्रा में पानी का उपयोग करना उचित नहीं है। सीएमओ सूर्यप्रकाश उके ने स्पष्ट किया कि सभी वाहन वॉशिंग सेंटर संचालकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं तथा उन्हें आगामी आदेश तक वाहन धुलाई का कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी सेंटर में निर्देशों के बावजूद वाहन धुलाई करते हुए पाया गया तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि शहर में जल संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नलों से मोटर पंप लगाकर पानी खींचने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। कई स्थानों से अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे मोटर पंप जब्त किए गए हैं तथा नागरिकों को पेयजल का दुरुपयोग नहीं करने की चेतावनी दी गई है। नगरपालिका ने शहरवासियों से अपील की है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पानी का उपयोग अत्यंत सावधानी और आवश्यकता के अनुसार करें। नल का पानी व्यर्थ बहाने से बचें तथा जल संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। नगरपालिका अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जल स्रोतों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से पानी के अनावश्यक उपयोग पर निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।