मुंबई (ईएमएस)। भोजपुरी अभिनेत्री रानी चटर्जी आजकल अपनी फिल्म ‘लखनऊ की बड़की पटना की छोटकी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर फिल्म के लोकप्रिय गीत ‘यू.पी. वाली बिहार वाली’ का पर्दे के पीछे का एक खास वीडियो साझा किया है। रानी चटर्जी द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए इस वीडियो में उनकी सह-कलाकार संजना सिंह भी नजर आ रही हैं। दोनों अभिनेत्रियां गाने की धुन पर उत्साह के साथ परफॉर्म करती दिखाई देती हैं। वीडियो में फिल्म के निर्देशक मंजुल ठाकुर भी मौजूद हैं, जो कलाकारों को गाने के स्टेप्स, भाव-भंगिमाओं और दृश्य की बारीकियों को समझाते हुए दिखाई देते हैं। शूटिंग के दौरान की यह झलक दर्शकों को फिल्म निर्माण की प्रक्रिया से रूबरू कराती है। वीडियो साझा करते हुए रानी चटर्जी ने अपने प्रशंसकों से सवाल भी पूछा कि क्या उन्होंने यह गाना सुना है, जिसके बाद फैंस ने बड़ी संख्या में अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। फिल्म की कहानी उत्तर प्रदेश और बिहार की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें एक ही परिवार की दो बहुओं के बीच होने वाली नोकझोंक, तकरार और भावनात्मक रिश्तों को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में रानी चटर्जी बड़ी बहू यानी जेठानी की भूमिका निभा रही हैं, जबकि संजना सिंह छोटी बहू यानी देवरानी के किरदार में नजर आती हैं। दोनों के बीच दिखाए गए मजेदार संवाद और परिस्थितियां कहानी को रोचक बनाती हैं। एक ओर लखनऊ की आधुनिक और शाही संस्कृति का प्रभाव दिखता है, तो दूसरी ओर बिहार की पारंपरिक जीवनशैली और सादगी को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म का निर्देशन मंजुल ठाकुर ने किया है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी संदीप सिंह और मंजुल ठाकुर ने संभाली है। इसकी कहानी अरविंद तिवारी ने लिखी है। फिल्म में रानी चटर्जी और संजना सिंह के अलावा प्रशांत सिंह, अलोक सिंह, रीना रानी, ललित उपाध्याय, श्वेता वर्मा और प्रेम दुबे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का प्रारंभिक नाम ‘यू.पी. वाली बिहार वाली’ रखा गया था, लेकिन रिलीज से पहले निर्माताओं ने इसे बदलकर ‘लखनऊ की बड़की पटना की छोटकी’ कर दिया। फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 23 और 24 मई को हुआ था। इसके बाद से इसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सुदामा/ईएमएस 02 जून 2026