फिल्म के विकास, निर्माण और प्रचार-प्रसार को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार मामला उस प्रस्तावित फिल्म ‘काला हिरण’ से जुड़ा है, जिसे कथित तौर पर सुपरस्टार के चर्चित ब्लैकबक शिकार मामले से प्रेरित बताया जा रहा है। इस फिल्म को लेकर सलमान खान की ओर से कड़ा रुख अपनाया गया है। सलमान ने जारी लीगल नोटिस में फिल्म को उनकी ब्लैकबक हंटिंग केस से प्रेरित बताया गया है और इसे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला करार दिया है। जानकारी के मुताबिक सलमान खान की तरफ से लॉ फर्म डीएसके लीगल ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को कानूनी नोटिस भेजा है। 24 अप्रैल 2026 को जारी इस नोटिस में फिल्म के विकास, निर्माण और प्रचार-प्रसार को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की गई है। इसके साथ ही मेकर्स से बिना शर्त लिखित माफी मांगने को भी कहा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म ‘काला हिरण’ सलमान खान के ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित है। यह मामला राजस्थान के जोधपुर में 1998 में हुआ था, जिसमें सलमान खान पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मुकदमा चल रहा है। नोटिस में कहा गया है कि इस फिल्म से सलमान खान की पब्लिक इमेज को नुकसान पहुंच सकता है, साथ ही चल रही न्यायिक प्रक्रिया में दखलंदाजी हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लीगल नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म से सलमान खान के पर्सनालिटी राइट्स का उल्लंघन हो रहा है। नोटिस में स्पष्ट रूप से लिखा है कि बिना अनुमति के किसी व्यक्ति की जिंदगी की घटनाओं पर आधारित फिल्म बनाना अवैध है। सलमान खान के वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर फिल्म के मेकर्स ने नोटिस की अनदेखी की तो उनके खिलाफ डिफेमेशन और डैमेजेस के लिए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सलमान खान इस समय कई फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं. जल्द उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ रिलीज होने वाली है। सलमान ने पहले भी अपनी जिंदगी पर बिना अनुमति के किसी भी प्रोजेक्ट बनाने का विरोध किया है। ब्लैकबक केस अभी भी कोर्ट में लंबित है और सलमान खान लगातार कोर्ट में पेशी पर जाते रहते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘काला हिरण’ का निर्माण अमित जानी कर रहे हैं और इसे भारत एस श्रीनाटे द्वारा डायरेक्ट किया जा रहा है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के संभल, मुरादाबाद समेत कई जगहों पर हुई है। फिल्म निर्माताओं ने 20 जून 2026 को टीजर रिलीज करने की घोषणा की थी, लेकिन सलमान खान की कानूनी चुनौती के बाद अब फिल्म की रिलीज पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। सिराज/ईएमएस 02जून26