क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच चल रहा पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। एक ओर पूर्व महापौर मधुबाई किन्नर का गुट है, जबकि दूसरा गुट कुंतीबाई किन्नर के नेतृत्व में सक्रिय बताया जा रहा है, जो पहले मधुबाई गुट का ही हिस्सा था। जानकारी के अनुसार ग्राम जोरापाली में दोनों गुटों के बीच पैसे मांगने और कार्यक्रमों में वर्चस्व को लेकर कहासुनी हो गई। यह विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्ष कोतरा रोड थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि विवाद यहीं शांत नहीं हुआ, बल्कि बार फिर मधुबाई गुट के सदस्यों पर हमला किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। इस मामले में मिट्ठूमुड़ा, राजीव गांधी नगर निवासी संध्या (ट्रांसजेंडर) ने जूटमिल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि वह अपने साथियों के साथ जन्मदिन और अन्य कार्यक्रमों में बधाई देने और नाच-गाने का काम करती है। संध्या ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग 20 दिनों से कुनाल निराला, नागमणी किन्नर, स्वीटी किन्नर और गोपीबाई किन्नर द्वारा कामकाज को लेकर गाली-गलौज, धमकी और मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दोनों गुटों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय स्तर पर यह विवाद किन्नर समुदाय के भीतर वर्चस्व और कार्यक्रमों में हिस्सेदारी को लेकर चल रहे टकराव के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 जून 2026