क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) शहर में लगातार गहराते जलसंकट को लेकर पानी की समस्या से परेशान शहरवासी धरना प्रदर्शन कर व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में निगम वार्ड क्रमांक 76 की पार्षद सीमा सोलंकी के नेतृत्व में कनाड़िया क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर स्थानीय रहवासियोने मानवता नगर चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते चक्काजाम कर दिया। इस दौरान कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पार्षद सीमा सोलंकी के अनुसार वार्ड का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण कई इलाकों में नर्मदा जल योजना की पाइपलाइन नहीं पहुंची है। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन मौजूद है, वहां भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कई बोरवेल की मोटरें खराब है और उनके रखरखाव में भी देरी हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम से 12 टैंकर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। हालांकि अब तक केवल दो टैंकर उपलब्ध कराए गए है, जिनमें से एक बड़े आकार का होने के कारण कई गलियों तक नहीं पहुंच पाता। प्रदर्शन की सूचना के बाद मौके पर नगर निगम के जोनल अधिकारी धीरेन्द्र बायस पहुंचे और समाधान के लिए आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। प्रदर्शन में नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी शामिल हुए। हुए। उन्होंने भी क्षेत्र में पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने और टैंकरों की कमी को लेकर नाराजगी जताई। - 02 जून 2026