क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र अंतर्गत मंदिर हसौद स्थित एक स्टील प्लांट में सुबह अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार देखा गया। यह घटना मिवान स्टील लिमिटेड में सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जब प्लांट के भीतर अचानक विस्फोट जैसी आवाज के साथ आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। मंदिर हसौद थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज होने के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल प्रशासन द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और प्लांट में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि पूरी घटना की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। - (ईएमएस)02 जून 2026