क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल दुकान से हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले एक युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार 22 सितंबर 2025 को वार्ड क्रमांक-15 निवासी अमन गुप्ता ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान “गोल्डी फर्नीचर इलेक्ट्रॉनिक एंड मोबाइल” से मोबाइल फोन, एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा और सीलिंग पंखे चोरी हो गए हैं। शिकायत के बाद जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में आता था और मौका देखकर सामान चोरी कर ले जाता था। सीसीटीवी फुटेज की जांच में रामायण दास महंत उर्फ बर्रा की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रामायण दास महंत (45 वर्ष), निवासी बर्रा, थाना खरसिया को घरघोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने दो एलसीडी टीवी, एक मोबाइल फोन, दो इंडक्शन चूल्हा और दो सीलिंग पंखे चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो एलसीडी टीवी और दो इंडक्शन चूल्हा बरामद कर लिया है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी का एक ओप्पो मोबाइल फोन उसने घरघोड़ा निवासी मोहम्मद मुजाहिद खान उर्फ राजू खान को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने राजू खान को भी हिरासत में लेकर चोरी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 जून 2026