धमतरी(ईएमएस)। जिले में स्थित जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। इनडोर बैडमिंटन हॉल के पास सूखी पत्तियों का बड़ा ढेर जमा होने से आग लगने का खतरा बढ़ गया है। यह वही परिसर है जहां मलेरिया विभाग, सीएमएचओ कार्यालय और 108 एंबुलेंस सेवा का दफ्तर भी स्थित है। साथ ही यह जिला अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार भी है, जहां दिनभर मरीजों और आम लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में सूखी पत्तियों में मामूली चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि बैडमिंटन हॉल परिसर में जमा सूखी पत्तियों और कचरे को तुरंत हटाया जाए, ताकि संभावित आगजनी की घटना को रोका जा सके और जनसुरक्षा सुनिश्चित हो। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 जून 2026