क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले में एक साल पुराने ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में सामने आया है कि मुकेश विश्वास (32) की मौत कोई हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसमें उसकी पत्नी और उसके प्रेमी सहित चार लोग शामिल थे। यह घटना बांदे थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार 24 मई 2025 को मुकेश विश्वास का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती जांच में यह मामला ब्लाइंड केस बन गया था, क्योंकि घटनास्थल से सीधे सबूत नहीं मिले थे। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच में मौत का कारण करंट लगना पाया गया। मृतक के हाथों और उंगलियों पर जलने के निशान भी मिले थे, जिससे शक गहराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्तर पर विशेष टीम गठित कर दोबारा जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच और साइबर सेल की पड़ताल में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी सरस्वती विश्वास और इंद्रजीत दास के बीच अवैध संबंध थे। इसी विवाद और पति से चल रहे तनाव के चलते हत्या की साजिश रची गई। पुलिस जांच के अनुसार, योजना के तहत मुकेश विश्वास को रंजीत सरकार के खेत स्थित झोपड़ी में बुलाया गया, जहां उसे शराब पिलाकर बेहोश किया गया। इसके बाद ट्यूबवेल के बिजली तार से करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई, ताकि इसे हादसा या सामान्य मौत बताया जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी से तलाक लेने की तैयारी कर रहा था, जिससे आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और साइंटिफिक जांच के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इनमें शामिल हैं सरस्वती विश्वास (पत्नी),इंद्रजीत दास (प्रेमी),सुरेन्द्र बछाड़ (सहयोगी),रंजीत सरकार (सहयोगी) कांकेर पुलिस ने बताया कि पुराने लंबित अंधे कत्ल मामलों की विशेष जांच के तहत कई मामलों का खुलासा किया जा रहा है, जिससे जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिल रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)02 जून 2026