काम करने वाली महिला ने भरोसा जीत कर किया कांड, पुलिस ने किया गिरफ्तार मुंबई,(ईएमएस)। मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन की मां के घर से करीब 25 लाख रुपए की ज्वेलरी और महंगी घड़ियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 47 साल की राशि छाबड़िया के रूप में हुई है, जो पिछले कई सालों से परिवार के संपर्क में थी। पुलिस के मुताबिक राशि छाबड़िया साल 2020 से रवीना टंडन की मां की देखभाल के लिए घर आती-जाती थी। इस दौरान उसने परिवार का विश्वास जीत लिया और घर के अंदर उसकी पहुंच भी बढ़ गई। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने घर की तिजोरी को निशाना बनाया। जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने तिजोरी से सोने और हीरे के कीमती जेवरात के अलावा दो महंगी घड़ियां भी चुरा लीं। जब परिवार को घर से ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान गायब होने का पता चला, तो उन्होंने सबसे पहले अपने स्तर पर जानकारी जुटाने की कोशिश की। इस दौरान राशि छाबड़िया से भी पूछताछ की गई, लेकिन उसने किसी भी तरह की चोरी में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन सबूत सामने आने पर उसके बयान बदल गए। रवीना टंडन के परिवार ने जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद राशि छाबड़िया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने चोरी गई कुछ महंगी घड़ियों को आरोपी के कब्जे से बरामद किया है। बाकी ज्वेलरी की तलाश जारी है। जुहू पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की गई ज्वेलरी का कुछ हिस्सा कहां बेचा गया या छिपाया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं आरोपी ने इससे पहले भी किसी अन्य परिवार के साथ इसी तरह की घटना को अंजाम तो नहीं दिया है। रवीना टंडन ने अब तक इस मामले पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिराज/ईएमएस 02जून26