02-Jun-2026
...


- परिजनों ने जताई दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका सीवान, (ईएमएस)। बिहार के सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। बताया जा रहा है कि तेज आंधी और बारिश के बाद कुछ युवक आम चुनने के लिए बगीचे में पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में शव की पहचान गांव की एक किशोरी के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि किशोरी रात में घर के पीछे शौच के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन उसका शव पेड़ से लटका मिला। परिवार का आरोप है कि पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस लोमहर्षक घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि परिजन अपनी बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगा रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने ला सकती है। - ०२ जून/२०२६/ईएमएस