खेल
02-Jun-2026


मुम्बई (ईएमएस)। सनराइजर्स हैदराबाद के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19 वें सत्र में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। जीशान को हालांकि अब नेट गेंदबाज के तौर पर भारतीय टीम में अवसर मिल रहा है। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से मुल्लांपुर में शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का नेट गेंदबाज बनाया गया है। इसको देखते हुए जीशान मोहाली भी पहुंच गये हैं और जल्द ही भारतीय टीम के नेट सत्र में शामिल होंगे। उनका काम भारतीय टीम के बल्लेबाजों को गेंदबाजी करना रहेगा जिससे वे अफगानिस्तान के स्पिनरों का मुकाबला आसानी से कर सकें। जीशान के बचपन के कोच गोपाल सिंह ने भी कहा है कि जीशान की गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छी साबित होगी। धीमी पिचों पर अफगान स्पिनरों को मिलने वाली सहायता को देखते हुए ही जीशान बल्लेबाजों के लिए नेट गेंदबाज बनाया गया है। उनकी जिम्मेदारी घरेलू पिचों को बल्लेबाजों को स्पिन का सामना बेहतर तरीके से करने के लिए तैयार करना रहेगा। जीशान इस बार आईपीएल सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाये हालांकि पिछले साल उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पदार्पण करते हुए अपने पहले ही सीजन में 10 मैचों में 6 विकेट लेकर सभी को प्रभावित किया था। जीशान ने साल 2020 के बाद से कोई फर्स्ट क्लास मुकाबला नहीं खेला है पर हाल में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में उत्तर प्रदेश के लिए शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने आठ मैचों में 21 विकेट लिए थे। ईएमएस 02जून 2026