खेल
02-Jun-2026


लालथंतलुआंगी और शिल्पी शामिल , सलीमा कप्तान बनी नई दिल्ली (ईएमएस)। हॉकी इंडिया ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 15 से 21 जून तक आयोजित होने वाले एफआईएच महिला नेशंस कप के लिए अनुभवी सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाये रखा है। हॉकी इंडिया ने इस टूर्नामेंट के घोषित टीम में युवा डिफेंडर लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास को भी शामिल किया है। इन दोनो का प्रदर्शन पिछले कुछ समय में अच्छा रहा है। भारतीय टीम को को टूर्नामेंट के पूल ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है, जबकि पूल बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस की टीमें शामिल हैं। अब भारतीय टीम 15 जून को अमेरिका के खिलाफ इसमें अपने अभियान को शुरु करेंगी इसके बाद, अगले ही दिन 16 जून को उसका मुकाबला जापान से होगा। वहीं पूल चरण का अंतिम मैच 18 जून को उरुग्वे के साथ खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबले 20 जून को खेला जाएगा। वहीं 21 जून को फाइनल होगा। लालथंतलुआंगी और शिल्पी को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के सफल दौरे के बाद पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया है। टूर्नामेंट में गोलकीपिंग की जिम्मेदारी कुशल सविता और बिचू देवी खारीबाम के कंधों पर होगी। रक्षा पंक्ति में अनुभवी सुशीला चानू पुखरंबम, इशिका चौधरी, निक्की प्रधान और ज्योति के साथ युवा लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास भी मौजूद रहेंगी। मध्य पंक्ति में कप्तान सलीमा टेटे को नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली दीपिका सोरेंग, सोनम और लालरेम्सियामी का सहयोग मिलेगा। अग्रिम पंक्ति में नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका और अन्नु शामिल हैं, जो विरोधियों पर हमलावर खेल का प्रदर्शन करेंगी। टीम इस प्रकार है : गोलकीपर : सविता, बिचू देवी खारीबाम डिफेंडर : सुशीला चानू पुखरंबम, इशिका चौधरी, लालथंटलुआंगी, शिल्पी डबास, ज्योति, निक्की प्रधान मिडफील्डर : सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम, लालरेम्सियामी फॉरवर्ड : नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका, अन्नू। ईएमएस 02जून 2026