खेल
02-Jun-2026


मथुरा (ईएमएस)। आईपीएल खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शनों के लिए यहां पहुंचे। विराट और अनुष्का सीधे वृंदावन के केली कुंज अश्राम नंगे पैर पहुंचे और उन्होंने प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन कर आर्शिवाद लिया। इस दौरान विराट और अनुष्का की महाराज श्री के प्रति गहरी और अगाध श्रद्धा एक बार फिर देखने को मिली। किसी भी तरह के वीआईपी प्रोटोकॉल का सहारा लिए बिना, दोनों ने अपनी गाड़ी में ही अपने चप्पल-जूते उतारे और पूर्ण सादगी के साथ नंगे पैर आश्रम परिसर में पहुंचे। मंगलवार सुबह विराट और अनुष्का कार से केली कुंज आश्रम के मुख्य द्वार पर पहुँचे। आश्रम के बाहर मौजूद मीडिया और प्रशंसकों की भीड़ से बचने के लिए, दोनों ने चेहरे पर मास्क रखे थे। गाड़ी से उतरने के बाद, वे बिल्कुल आम श्रद्धालुओं की तरह ही पैदल चलते हुए, महाराज जी की कुटिया की तरफ बढ़े। दोनों ने आश्रम के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में लगभग दो घंटे का लंबा समय बिताया और सुबह तकरीबन 9:00 बजे बाहर आए। पिछले तीन महीनों के भीतर, विराट और अनुष्का की ये तीसरी वृंदावन यात्रा है। इससे पहले, इसी साल फरवरी के महीने में और फिर अप्रैल के मध्य में भी विराट और अनुष्का यहां पहुंचे थे। आश्रम में बिताए दो घंटों के दौरान, विराट और अनुष्का ने पूज्य प्रेमानंद जी महाराज के चरणों में बैठकर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने महाराज जी से मन की शांति और जीवन के कल्याण के लिए विशेष संवाद भी किया। महाराज जी ने दोनों को राधा नाम के सुमिरन की महिमा बताई और उन्हें आशीर्वाद स्वरूप तुलसी की माला तथा प्रसाद भेंट किया। जैसे ही विराट और अनुष्का के नंगे पैर आश्रम जाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, देश-दुनिया में मौजूद उनके करोड़ों प्रशंसकों ने उनकी इस सादगी, धार्मिक निष्ठा और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके गहरे सम्मान की जमकर सराहना की। ईएमएस 02जून 2026