02-Jun-2026
...


-कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने की लेबनान पर इजराइल के हमलों की निंदा, केंद्र को घेरा नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने लेबनान पर इजराइल के हमलों की निंदा की है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। जयराम ने कहा कि सरकार ने इजराइल की ओर से लेबनान को तबाह करने और अमेरिका-ईरान समझौते को पटरी से उतारने की कोशिशों पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। जयराम रमेश ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा- पश्चिम एशिया में युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है। ऐसे किसी समझौते का तत्काल प्रभाव होर्मुज स्ट्रेट के फिर से खुलने और तेल की कीमतों पर दबाव कम होने के रूप में सामने आएगा और इन दोनों मुद्दों से भारत के बड़े हित जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह बातचीत अब तक अंतिम रूप नहीं ले सकी है, जिसकी मुख्य वजह लेबनान में इजराइल की जारी सैन्य कार्रवाई है, जिसमें अभूतपूर्व घुसपैठ देखने को मिली है। खुद राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बेहद नाराजगी और गुस्सा जाहिर किया है, यहां तक कि अपशब्दों का इस्तेमाल तक किया है। दुनिया के कई अन्य देशों ने भी लेबनान में इजराइल के हमले की निंदा की है। जयराम ने पोस्ट में लिखा- हैरानी की बात नहीं कि जिस एक सरकार के मुखिया ने इजराइल की ओर से लेबनान को तबाह करने और अमेरिका-ईरान समझौते को पटरी से उतारने की कोशिशों पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है, वे पीएम नरेंद्र मोदी हैं। क्या तथाकथित फादरलैंड उनके लिए उनकी असली मदरलैंड से कहीं ज्यादा मायने रखती है? हिज्बुल्लाह को खत्म करने के इरादे से इजराइल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। आईडीएफ के इस ऑपरेशन को आईडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ ईयाल जमीर ने मंजूरी दी थी। हालांकि, इससे अमेरिका और ईरान के बीच हो रही बातचीत में अड़चन आई है। ईरान की बातचीत करने वाली टीम लेबनान पर हुए हमलों की वजह से अमेरिका के साथ मीडिएटर के जरिए मैसेज का लेन-देन रोक रही है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टूथ सोशल पर लिखा, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ बातचीत तेजी से चल रही है। ट्रंप ने लिखा- इजराइल के पीएम नेतन्याहू के साथ मेरी बहुत अच्छी बातचीत हुई और कोई भी सैनिक बेरूत नहीं जाएगा और जो भी सैनिक रास्ते में हैं, उन्हें पहले ही वापस भेज दिया गया है। इसी तरह उच्च पद वाले प्रतिनिधियों के जरिए मेरी हिज्बुल्लाह के साथ भी बहुत अच्छी बातचीत हुई और वे इस बात पर सहमत हुए हैं कि सारी गोलीबारी बंद हो जाएगी कि इजराइल उन पर हमला नहीं करेगा और वे इजराइल पर हमला नहीं करेंगे। सिराज/ईएमएस 02जून26