नई दिल्ली,(ईएमएस)। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने मंगलवार को नई दिल्ली में मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय का दौरा किया। मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस उच्चस्तरीय मुलाकात का मुख्य उद्देश्य दोनों दलों के बीच पार्टी-स्तरीय संबंधों को मजबूत करना और आपसी सहयोग के नए आयामों की तलाश करना था। दोनों नेताओं ने संगठनात्मक कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था और शासन मॉडल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। यह यात्रा तब हुई है जब नेपाली प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे इस राजनीतिक रूप से और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर लामिछाने के नेतृत्व वाले नेपाली प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नेपाली समुदाय के लोग भी मौजूद रहे और उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बताया जा रहा हैं कि यह दौरा राजनीतिक संगठन, लोकतांत्रिक भागीदारी और जनकेंद्रित शासन से जुड़े मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। सूत्रों के अनुसार, अपने नई दिल्ली प्रवास के दौरान लामिछाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस.जयशंकर और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं से भी मिल सकते हैं। भाजपा हाल के वर्षों में सरकार-से-सरकार संबंधों के साथ-साथ पार्टी-से-पार्टी संबंधों को भी प्राथमिकता दे रही है, और यह यात्रा इसी व्यापक अंतरराष्ट्रीय संपर्क अभियान का हिस्सा है। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भाजपा को जानिए पहल के तहत 12 देशों के राजनयिक मिशनों के प्रमुखों से बातचीत की थी, जिसका उद्देश्य भाजपा के इतिहास, वैचारिक आधार और शासन व्यवस्था से विदेशी प्रतिनिधियों को परिचित कराना है। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ राजनीतिक दलों के स्तर पर समझ और सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को बल मिलेगा। आशीष दुबे / 02 जून 2026