मतदाताओं से की मतदान करने की अपील आगरा,(ईएमएस)। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार मंगलवार सुबह अपने पैतृक जनपद आगरा पहुँचे। पांच राज्यों में चुनावों के सफल समापन के बाद, उन्होंने अपनी पत्नी अनुराधा, माता-पिता के साथ प्राचीन कैलाश महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। सुबह 6:30 बजे हुए अनुष्ठान में उन्होंने अपने पिता का हाथ थामकर आरती की और भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक किया, और महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मूल रूप से आगरा की विजयनगर कॉलोनी निवासी ज्ञानेश कुमार ने मंदिर जाने से पहले अपने माता-पिता से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया, जहाँ उनके माता-पिता वर्तमान में निवास करते हैं। कैलाश मंदिर के महंत ने मुख्य चुनाव आयुक्त और उनकी पत्नी के साथ विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और लोगों में उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। महादेव की पूजा के बाद, मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल के आवास पर भी पहुँचे। बात दें कि जिलाधिकारी बंसल मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार के दामाद हैं। उनकी पुत्री मेधा रूपम वर्तमान में नोएडा की जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। आगरा प्रवास के दौरान उनके कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। इस मौके पर मुख्य चुनाव आयुक्त कुमार ने कहा कि पांच राज्यों के सफल चुनावों के बाद वे अपनी पत्नी के साथ अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने और कैलाश मंदिर में महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने आगरा आए थे। उन्होंने महादेव की असीम कृपा और अनुकंपा बने रहने की कामना की और आशा व्यक्त की कि आगे होने वाले चुनाव भी पूरी तरह पारदर्शी हो। ज्ञानेश कुमार ने मतदाताओं से अपील कर कहा कि जैसा पहले भी देश के सभी मतदाताओं से कहा गया है, शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपना वोट बनवाने और चुनाव में मतदान अवश्य करने का आग्रह किया। आशीष दुबे / 02 जून 2026