क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


आगामी बाढ़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने पलटू का पुरवा का किया निरीक्षण फतेहपुर (ईएमएस)। आगामी वर्षा ऋतु और संभावित बाढ़ के मद्देनज़र जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को बाढ़ प्रभावित ग्रामसभा पलटू का पुरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ से बचाव, राहत व्यवस्थाओं और ग्रामीण सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पलटू का पुरवा स्थित तालाब का निरीक्षण किया, जहां कटान के कारण बाढ़ का पानी गांव में प्रवेश कर जाता है। इस पर उन्होंने आपदा विशेषज्ञ को शासन स्तर पर बजट आवंटन के लिए पुनः रिमाइंडर भेजने के निर्देश दिए, ताकि तालाब पर बंधा निर्माण कार्य शीघ्र कराया जा सके और बाढ़ के खतरे को कम किया जा सके। डीएम ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि फसल बीमा योजना के तहत ग्रामीणों को लाभान्वित करने के लिए अगले दिन ग्रामसभा में विशेष शिविर आयोजित किया जाए। वहीं चकबंदी विभाग को बारात घर, बाढ़ शरणालय तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामसभा के प्राथमिक विद्यालय में विकास कार्यों की सूची चस्पा कराने को कहा, जिससे ग्रामीणों को कराए गए कार्यों की जानकारी मिल सके। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को समय रहते पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए गांव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि बारिश के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पांडेय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, उपजिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील पुष्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शीबू खान / ईएमएस 02 जून, 2026