क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


- नगर थाना क्षेत्र के भच्छी पुल के पास जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी नगर थाना पुलिस को वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। भच्छी पुल के समीप चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद बाइक चोरी की निकली। जिसके बाद दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर नगर थाना क्षेत्र के भच्छी पुल के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को संदिग्ध प्रतीत हुए। जब पुलिस ने उन्हें रोककर वाहन के कागजात और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन की गहन जांच की, जिसमें मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। गिरफ्तार युवकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कटाई गांव निवासी राजकुमार महतो के पुत्र रंजन कुमार महतो और राकेश महतो के रूप में की गई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की यह बाइक किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ी है या नहीं। साथ ही, क्षेत्र में पूर्व में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार गश्ती, वाहन जांच और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०२ जून/२०२६/ईएमएस