क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल में कथित सेंधमारी की खबर सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) सक्रिय हो गई है। एबीवीपी ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पोर्टल की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अभाविप ने कहा कि छात्रों के डेटा और परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। फैक्ट फाइंडिंग कमेटी करेगी जांच ज्ञापन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि समर्थ पोर्टल मामले को लेकर दिल्ली स्थित समर्थ टीम के साथ ऑनलाइन बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। छात्रों में भ्रम की स्थिति दूर करने की मांग अभाविप इकाई अध्यक्ष तुषार साहू ने कहा कि तकनीकी व्यवस्थाओं को समय-समय पर और अधिक सुरक्षित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों के बीच फैल रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी करने की मांग की। सोशल मीडिया अफवाहों पर रोक लगाने की मांग अभाविप मंत्री प्रसून पाठक ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने और दोबारा परीक्षा कराने जैसी अफवाहें फैल रही हैं। प्रशासन को इस पर तत्काल स्पष्टता लाकर छात्रों को आश्वस्त करना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान हेमांशु कौशिक, अतिंद्र धर दीवान, वैष्णवी परसाई, पीयूष तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। - 02 जून 2026