- सीईओ डॉ. झाड़े ने सुनीं समस्याएं; संपदा और भू-अर्जन शाखा से जुड़े रहे अधिकांश मामले इंदौर (ईएमएस)। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) द्वारा मंगलवार, 2 जून को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इंदौर कमिश्नर और जनसंपर्क मध्य प्रदेश के समन्वय से आयोजित इस जनसुनवाई में शहर के विभिन्न हिस्सों से नागरिक अपनी समस्याओं और आवेदनों के साथ पहुंचे। इस दौरान कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर प्राधिकरण प्रशासन द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। जनसुनवाई में पहुंचे आवेदनों में सबसे अधिक संख्या संपदा शाखा से जुड़े मामलों की रही। कुल 16 आवेदनों में से 14 प्रकरण सीधे तौर पर संपदा शाखा से संबंधित थे, जिनमें भूखंडों, संपत्तियों के हस्तांतरण और एनओसी जैसे विषय शामिल रहे। वहीं, 1 प्रकरण भू-अर्जन शाखा से संबंधित प्राप्त हुआ, जिस पर नियमानुसार समीक्षा की गई। जनसुनवाई के दौरान इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी (सीईओ) डॉ. परिक्षित झाड़े ने सभी आवेदकों से सीधे मुलाकात की। उन्होंने नागरिकों के आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया और संबंधित पक्षों की दलीलों व समस्याओं को विस्तार से सुना। तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉ. झाड़े ने कई सीधे और स्पष्ट मामलों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को बड़ी राहत दी। इसके साथ ही, जिन प्रकरणों में विस्तृत जांच या तकनीकी प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उन्हें समय-सीमा में न्यायसंगत और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ संबंधित शाखाओं को अग्रसारित (फॉरवर्ड) कर दिया गया। प्रकाश/02 जून 2026