मंडला (ईएमएस)। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम पंचायत देवदरा के झंडा चौक, राजीव कॉलोनी से श्रीमद् भागवत पुराण की शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा के दौरान एक चौपहिया वाहन चालक द्वारा लापरवाही और अडिय़ल रवैया दिखाया गया। झंडा चौक से गऊ घाट गई कलश यात्रा जब वापस लौट रही थी और सड़क पार कर अपने निर्धारित मार्ग से अनुशासित ढंग से आगे बढ़ रही थी, इसी दौरान उसी दिशा से आ रही एक चौपहिया गाड़ी के चालक ने नियमों को ताक पर रखकर जबरन जा रही कलश यात्रा के साइड से वाहन निकालने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी एक युवती चला रही थी और उसमें कुछ अन्य लोग भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कलश यात्रा में शामिल एक युवक ने चौपहिया वाहन के पीछे बैठे युवक से कहां कि वे गाड़ी को कलश यात्रा के दूसरी तरफ खाली मार्ग से ले जाएं जिससे कोई दुर्घटना न हो। इस पर सहयोग करने के बजाय वाहन सवार युवक ने अडिय़ल रवैया अपनाया और कहा कि गाड़ी यहीं से निकालेंगे। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं की भीड़ की परवाह किए बिना जबरन अपनी चौपहिया गाड़ी को कलश यात्रा के बीच से निकाला और आगे बढ़ गए। सड़क पर हुई इस अभद्रता और जबरदस्ती के बावजूद कलश यात्रा में शामिल माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं ने अनुकरणीय सूझबूझ का परिचय दिया। चूंकि यह एक अत्यंत पवित्र धार्मिक कार्यक्रम था, इसलिए श्रद्धालुओं ने माहौल की गरिमा को ध्यान में रखते हुए वाहन सवारों से किसी भी प्रकार का वाद-विवाद या टकराव नहीं किया। श्रद्धालुओं के संयम के कारण एक बड़ा विवाद होने से टल गया, हालांकि स्थानीय नागरिकों ने इस प्रकार की लापरवाही और धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने की प्रवृत्ति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है।