सारंगपुर (ईएमएस) । राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार एक महिला एवं एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पुरुष का उपचार सारंगपुर सिविल अस्पताल में जारी है। सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार दुर्घटना ट्रेचिंग ग्राउंड के समीप हुई, जहां इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। जानकारी के अनुसार किठौर निवासी रेखाबाई (32) पति विष्णु एवं सारंगपुर निवासी जगदीश (40) पिता प्रेमनारायण, जो पेशे से ठेकेदार हैं, मंगलवार दोपहर बाइक से भोजन करने के लिए शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाजापुर की ओर से बायपास मार्ग पर आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी-07-जेडवी-5201 ने ट्रेचिंग ग्राउंड के सामने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। रेखाबाई के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि जगदीश का उपचार सारंगपुर अस्पताल में जारी है। कार में सवार बुजुर्ग महिला भी घायल दुर्घटनाग्रस्त कार में चालक सहित दो महिलाएं एवं एक बच्चा सवार थे। हादसे के बाद चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से कार में बैठी करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को भी चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण कार की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नरेंद्र जैन