क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


अलीगढ़ (ईएमएस)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को सघन प्रवर्तन अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। कार्रवाई के दौरान पांच खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए, जबकि 106 किलोग्राम अस्वच्छ एवं संदिग्ध खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करा दी गई। कई प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर संचालकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 एवं अभिहित अधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में गठित दो विशेष टीमों ने रेलवे स्टेशन के बाहर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान श्याम नगर स्थित एक प्रतिष्ठान से बेसन घोल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल एवं आलू पकौड़े के तीन नमूने तथा एक कैटरिंग गोदाम से मैदा एवं रिफाइंड पामोलिन ऑयल के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान पर खुला रखा गया और मक्खियों से दूषित 70 किलोग्राम बेसन घोल तत्काल नष्ट कराया गया। इसके अतिरिक्त स्टेशन मार्ग और आसपास के क्षेत्रों से 20 किलोग्राम आलू की सब्जी, 5 किलोग्राम जलेबी, 8 किलोग्राम कचैड़ी और 3 किलोग्राम तली हुई हरी मिर्च को भी अस्वच्छ पाए जाने पर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित कई होटल, ढाबों, कैटरर्स और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक कैटरिंग गोदाम में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां पाए जाने पर सुधार होने तक उसे बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने बताया कि संग्रहित सभी पांच नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकविहीन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों एवं आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 02 जून 2026