राज्य
02-Jun-2026
...


अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना टप्पल इलाके के अलीगढ़-पलवल मार्ग ताहरपुर बम्बे पर गोवंश का अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। गौवंश के अवशेष मिलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हंगामे की सूचना मिलते ही थाना टपपल पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस के अनुसार अलीगढ़-पलवल मार्ग ताहरपुर बम्बे क्षेत्र से सूचना मिली थी कि बंबे के करीब में गोवंश के कुछ अवशेष मिले हैं। सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आस-पास के लोगों ने अवशेषों को पानी से बाहर निकाल लिया था। मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया और अवशेषों की सैंपलिंग कराई गई। पुलिस के अनुसार जांच पड़ताल पूरी करने के बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर अवशेषों को विधिवत रूप से दफना दिया गया है। ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो. लोगों से संयम बनाए रखने की भी अपील की गई है। हिंदू संगठन की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है, जिसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवशेष वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। पुलिस के अनुसार मौके पर पूरी तरह शांति है और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है.। जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 02 जून 2026