:: एक महीने तक व्यावहारिक ज्ञान के साथ सीखेंगे सुरक्षा के गुर :: खंडवा/इंदौर (ईएमएस)। विद्युत क्षेत्र में दिनों-दिन बढ़ती उन्नत तकनीक और उत्कृष्ट उपभोक्ता सेवा के संकल्प को पूरा करने के लिए खंडवा वृत्त के तत्वावधान में मुख्यालय पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया है। इस केंद्र में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 8 वृत्तों के नव-नियुक्त लाइन अटेंडेंट कर्मियों को एक महीने का गहन व्यावहारिक और प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंपनी के कॉर्पोरेट कार्यालय से संयुक्त सचिव (द्वितीय) तरुण उपाध्याय के मार्गदर्शन में इंदौर और उज्जैन दोनों क्षेत्रों में इन क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्रों का संचालन शुरू किया गया है। इसके तहत बिजली कार्यों में उपयोग होने वाली सभी सामग्रियों के प्रदर्शन और उनके सही उपयोग को समझाने के लिए एक अत्याधुनिक प्रयोगशाला भी बनाई गई है। प्रशिक्षण केंद्र में इंदौर क्षेत्र के सभी 8 वृत्तों - खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर, बड़वानी, धार, झाबुआ, इंदौर संचालन/संधारण और इंदौर शहर वृत्त के नवनियुक्त लाइन कर्मचारी शामिल होंगे। इस एक माह के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें लाइन संबंधी समस्त कार्य संचालन, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, उपभोक्ता संवाद, स्वयं की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की ट्रेनिंग दी जाएगी। शुरुआत में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय कार्यालय के अधीक्षण अभियंता बेंजामिन फ्रैंकलिन उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मप्र ट्रांसमिशन कंपनी खंडवा के अधीक्षण अभियंता सुरेंद्र सोलंकी मौजूद थे। इस मौके पर खंडवा वृत्त से स्थानांतरित अधीक्षण यंत्री दधीचि रेवाडिया, नवागत अधीक्षण यंत्री दिलीप कुमार बुके सहित बीएल गुप्ता, अभिषेक रंजन, संजीत कुमार और प्रेमचंद पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। :: स्वागत वाले पौधे को एक माह तक सींचेंगे प्रशिक्षु :: शुभारंभ अवसर पर एक अनूठी और अनुकरणीय पहल करते हुए सभी अतिथियों और प्रशिक्षुओं का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया। इसके बाद इन पौधों को प्रशिक्षण केंद्र परिसर में ही रोपा गया। खास बात यह है कि सभी प्रशिक्षु कर्मियों के लिए एक महीने तक अपने द्वारा रोपे गए इन पौधों को पानी, खाद देकर उनकी देखभाल करना भी अनिवार्य रूप से इस ट्रेनिंग का हिस्सा बनाया गया है। इस केंद्र के सुचारू संचालन के लिए तकनीकी निदेशक महेश सोलंकी, सहायक प्रबंधक संदीप परते, संजय चौरे और सुरेशचंद टोपलानी को नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में उज्जैन ट्रेनिंग सेंटर में पिछले 15 वर्षों से प्रशिक्षक रहे रुद्रनारायण व्यास ने भी नए लाइनकर्मियों को संबोधित कर मार्गदर्शन दिया। इस एक माह के प्रशिक्षण को सफल बनाने के लिए 18 से 20 अनुभवी और कुशल प्रशिक्षकों की टीम तैयार की गई है। इसमें सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी सर्वश्री केके तिवारी, दुर्गेश दूधे, योगेश डोंगरे, विजय भोंसले, गणपत जी (लाइनमैन), बड़ोदिया (विद्युत निरीक्षक), वीरेंद्र कुमार और नितिन गिरदोनिया के अलावा खंडवा मुख्यालय पर तैनात अन्य विशेषज्ञ अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। प्रकाश/02 जून 2026