राज्य
02-Jun-2026
...


:: इंदौर शहर के बिजली अफसरों की बैठक में प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के कड़े निर्देश; जोन प्रभारी और कार्यपालन यंत्रियों को समय पर फोन उठाने की हिदायत :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनूप कुमार सिंह ने मंगलवार दोपहर इंदौर शहर के विद्युत अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने मानसून पूर्व और खराब मौसम के मद्देनजर बिजली आपूर्ति को लेकर सख्त लहजे में निर्देश दिए। एमडी ने स्पष्ट किया कि आंधी-तूफान या खराब मौसम के कारण यदि शहर में कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो उसे कम से कम समय में दुरुस्त कर व्यवस्थाएं सुचारू की जाएं। प्रबंध निदेशक सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि तेज हवा या बारिश के कारण लाइन, पोल या ट्रांसफार्मर प्रभावित होते हैं या कहीं कोई टूट-फूट की स्थिति बनती है, तो सुधार कार्य में लगने वाले संभावित समय की जानकारी रहवासी संघों और उपभोक्ताओं के व्हाट्सएप ग्रुपों में समय पर दी जाए। उन्होंने कहा कि जोन प्रभारी और कार्यपालन यंत्री उपभोक्ताओं के फोन अनिवार्य रूप से उठाएं और प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों व रहवासी संघों को बिजली आपूर्ति सुधार से संबंधित समाधानकारक व संतोषजनक जवाब दें। खराब मौसम के दौरान मैदानी स्टाफ पूरी तत्परता से सुधार कार्य में जुटे और कार्यपालन यंत्री व अधीक्षण यंत्री खुद इसकी मॉनिटरिंग करें। एमडी ने मैदानी अधिकारियों को फ्यूज ऑफ कॉल की शिकायतों का समय पर और त्वरित निराकरण करने के लिए पाबंद किया। उन्होंने चेताया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी जोनों पर तैनात कर्मचारियों को पूरे मनोयोग से कार्य करना होगा। इस महत्वपूर्ण बैठक में कंपनी के कार्यपालक निदेशक गजरा मेहता, मुख्य अभियंता एसआर बमनके, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक संजय मालवीय व निर्मल शर्मा, संयुक्त सचिव तरुण उपाध्याय तथा शहर अधीक्षण यंत्री मनेंद्र गर्ग सहित बिजली कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद थे। प्रकाश/02 जून 2026