क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


दूसरे दिन एचडीएफसी चौराहे पर किया चक्काजाम अशोकनगर (ईएमएस)। खाद की कमी पर किसानों का आक्रोश दूसरे दिन भी नजर आया। मंगलवार को शहर के विदिशा रोड़ स्थित एचडीएफसी चौराहे पर किसानों ने जाम लगा दिया। यह जाम घंटो तक लगा रहा। इस दौरान पूरे वायपास रोड़ पर वाहनों की लाइन लग गई। लोग काफी देर तक जाम में फसे रहे। उल्लेखनीय है, कि जिले में खाद का वितरण ऑनलाइन टोकन प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। खरीफ सीजन की बुवाई का समय नजदीक होने के बावजूद कई किसान खाद नहीं ले पाए हैं। इसी समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में सोमवार सुबह राजमाता चौराहे पर चक्काजाम किया गया था। प्रशासन ने किसानों को टोकन बुक कराने और खाद वितरण का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्हें विदिशा रोड स्थित खाद गोदाम भेज दिया गया। किसान सोमवार से ही अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ गोदाम पर रुके हुए हैं। सोमवार को कुछ किसानों को खाद मिली और कुछ के टोकन बुक किए गए। सोमवार में भी तेज आंधी और बारिश के बावजूद किसान वहीं डटे रहे और रात में सडक़ किनारे ही खाना बनाया और मंगलवार सुबह से फिर खाद की लाइन में लग गए। लेकिन गोदाम पर केवल उन किसानों को खाद वितरित की जा रही थी जिनके टोकन एक दिन पहले बुक हुए थे। टोकन वाले किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने के कारण किसानों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होने एचडीएफसी चौराहे पर जाम लगा दिया। जिससे आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया। कुछ ही देर बाद पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश दी गई है। जिसके बाद किसानों ने चक्काजाम खतम किया। प्रदर्शन के बीच बेहोश हुए किसान नेता: जिले में खाद संकट को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन के बीच मंगलवार दोपहर एक किसान बेहोश हो गया। यह घटना डबल लॉक केंद्र पर हुई, जहां बड़ी संख्या में किसान खाद मिलने का इंतजार कर रहे थे। बेहोश हुए किसान की पहचान ईसागढ़ ब्लॉक के किसान संघ मंत्री देवेंद्र सिंह लोधी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने क्षेत्र के किसानों के लिए खाद दिलाने करीब 10 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ आंदोलन स्थल पर पहुंचे थे। दो दिनों से खाद वितरण की अनिश्चितता और किसानों की बढ़ती परेशानी के कारण वे तनाव में थे। किसान के बेहोश होने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद किसानों ने प्रशासन को अवगत कराया। सूचना पर एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसान को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उल्लेखनीय है कि जिले में खाद की कमी को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार दूसरे दिन भी जारी है। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ डबल लॉक केंद्र पर डटे हुए हैं और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। किसान संगठनों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।