ढ़ाई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद अशोकनगर (ईएमएस)। जिले की चन्देरी थाना पुलिस को लूट के एक प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस द्वारा लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपियों से लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य का लूटा गया माल बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा लूट की बारदात का खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी दीपक पुत्र कंजू चैरे, निवासी कुंडीपुरा, छिंदवाड़ा द्वारा थाना चंदेरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 26.03.2026 की रात्रि लगभग 10.30 बजे वह अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ मोटरसाइकिल से ललितपुर से गूडर जा रहा था। ग्राम खैरा के आगे पुलिया के पास तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे का भय दिखाकर उन्हें रोक लिया तथा उनकी पत्नी के सोने के आभूषण, चांदी की पायल, मोबाइल फोन, बैग, पर्स एवं नगदी लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना चंदेरी में अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 304 (2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 309(4) बीएनएस का इजाफा किया गया। पुलिस टीम द्वारा विवेचना के दौरान थाना चंदेरी के पीआर शुदा आरोपी भगोले उर्फ रनवीर पुत्र बृजेन्द्र बुन्देला उम्र 25 साल निवासी जमुसर हाल मीट मार्केट चन्देरी एवं जगदीश पुत्र देवीदिन पटेल (कुर्मी) उम्र 30 साल निवासी ग्राम बैला थाना पलेरा जिला टीकमगढ से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने दिनांक 26.03.2026 को अपने एक अन्य साथी इंदु बुंदेला के साथ मिलकर उक्त लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी भगोले उर्फ रनबीर बुंदेला के कब्जे से लूटे गए सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की झुमकी तथा एक जोड़ी चांदी की पायल, कुल कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये, बरामद की गई है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी इंदु बुंदेला वर्तमान में जेल में निरुद्ध है, जिसकी गिरफ्तारी प्रकरण में शेष है।