अशोकनगर (ईएमएस)। जिला अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारी अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिससे जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध स्वरूप उन्होंने अप्रेजल आदेशों की प्रतियां भी जलाईं, जिससे उनका आक्रोश स्पष्ट दिखाई दिया। धरने के कारण जिला अस्पताल में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो गईं। इनमें टीकाकरण, एसएनसीयू, जननी सुरक्षा योजना के भुगतान, ओपीडी से जुड़े कार्य, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करना और टीबी मरीजों को दवा वितरण शामिल हैं। ब्लड बैंक का अधिकांश कार्य भी प्रभावित होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियमितीकरण, स्वास्थ्य बीमा, वेतन वृद्धि और समान कार्य के लिए समान वेतन जैसी आठ प्रमुख मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यह धरना प्रदर्शन 8 जून को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास घेराव के बाद समाप्त होगा।