सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन की सतत कार्यवाही जारी कटनी (2 जून) - नगर में नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण एवं नियम विरुद्ध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को मदन मोहन चौबे वार्ड अंतर्गत बरगवां क्षेत्र में संचालित एक कबाड़ व्यवसाय पर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील करने की कार्यवाही की गई। अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बरगवां निवासी कबाड़ व्यवसायी मोहम्मद सादिक द्वारा सार्वजनिक मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र में अनधिकृत रूप से कबाड़ सामग्री का भंडारण कर व्यवसाय संचालित किया जा रहा था, जिससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने के साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। साथ ही इस प्रकार की गतिविधियों से सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बने हुए थे। नगर निगम के अतिक्रमण अमले द्वारा पूर्व में भी इन्हें लिखित एवं मौखिक रूप से सूचित करने तथा प्राप्त शिकायत पर मंगलवार को मौके निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन की पुष्टि पाये जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान को सील किया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं मार्गों पर अतिक्रमण अथवा नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन करते हुए अपने व्यवसाय का संचालन करें तथा सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध न करें। नगर में सुगम यातायात, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण और नियम विरुद्ध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।