मुंबई (ईएमएस)।शेयर बाजार में 2 जून को बढ़त रही। सेंसेक्स 383 अंक की तेजी के साथ 74,650 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 101 अंक की बढ़त रही, ये 23,484 पर बंद हुआ। आज IT, FMCG और ऑटो शेयर्स में ज्यादा खरीदारी रही। साउथ कोरिया का शेयर बाजार भारत को पीछे छोडक़र दुनिया का छठा सबसे बड़ा मार्केट बन गया है। इसकी बड़ी वजह चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनियां हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल के दम पर लगातार रिकॉर्ड बना रही हैं। इस साल साउथ कोरिया की लिस्टेड कंपनियों की कुल मार्केट कैप 86 प्रतिशत बढक़र 5 ट्रिलियन डॉलर (करीब 475 लाख करोड़ रुपए) पर पहुंच गई है। वहीं, भारतीय शेयर बाजार की मार्केट कैप घटकर 4.8 ट्रिलियन डॉलर (करीब 456 लाख करोड़ रुपए) रह गई है। भारतीय शेयर बाजार के दुनिया में एक पायदान नीचे खिसकने के पीछे जानकारों ने तीन बड़े कारण बताए हैं। पहला रुपए में कमजोरी। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई लगातार गिरावट से ओवरऑल वैल्यूएशन डॉलर टर्म में कम हुआ है। दूसरा विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड बिकवाली। भारतीय बाजार से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने रिकॉर्ड स्तर पर पैसे निकाले हैं। तीसरा एआई कंपनियों की कम। भारतीय शेयर बाजार में ऐसी बड़ी कंपनियों की कमी है जो सीधे तौर पर ग्लोबल एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर या चिप मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी हों।