परिसर में पड़े कटे हुए पेड़। शाजापुर (ईएमएस)। हाईवे चौड़ीकरण के लिए चल रही पेड़ों की कटाई के बीच, स्थानीय आईटीआई ग्राउंड से एक पेड़ की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोगों ने बाहरी विकास कार्यों की आड़ लेकर परिसर के अंदर इस घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों ने आईटीआई परिसर के अंदर जेसीबी की मदद से एक पेड़ को उखाड़ दिया। जब कॉलेज के एक शिक्षक ने इस संदिग्ध कृत्य का वीडियो बनाना शुरू किया, तो वे लोग मौके से भाग गए। हालांकि, बाद में कुछ अज्ञात लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे और कटी हुई लकडि़यां भरकर ले गए। बाद में हुए निरीक्षण में मौके पर ताजी कटाई के निशान पाए गए हैं। आईटीआई कॉलेज के प्राचार्य राजाराम कटारिया ने आरोप लगाया है कि हाईवे निर्माण के दौरान हो रही कटाई की आड़ में कुछ लोगों ने इस अवैध गतिविधि को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों को इसकी विस्तृत सूचना दी जा रही है। परिसर में अनाधिकृत प्रवेश कर पेड़ काटने वाले अज्ञात लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।