मंडला (ईएमएस)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास कार्यक्रम के अंतर्गत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रसईयादौना में 1 जून से 5 जून तक योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों को योग के महत्व, यौगिक क्रियाओं के नियम, सिद्धांत एवं आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। आयुष विभाग मंडला के डॉ. शेर सिंह कूड़ापे के मार्गदर्शन तथा योग प्रशिक्षक सुश्री त्रिवेणी तेकाम एवं श्री संपत लाल बरकड़े के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में संस्थान के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का नियमित अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। साथ ही योग के माध्यम से तनाव प्रबंधन, एकाग्रता में वृद्धि तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण अधिकारी श्री हितेंद्र तुमराम, श्री गोविंद पंचेश्वर, श्री अशोक टेकाम, श्री नरेश पंद्रे, सुश्री अनिशा पंचेश्वर, सुश्री वैशाली कामड़े, सुश्री जानकी कुशराम, सुश्री रंजना देशाई सहित प्रशिक्षार्थी एवं योग लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को योग के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने एवं योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया। ईएमएस/मोहने/ 02 जून 2026