क्षेत्रीय
02-Jun-2026


नरसिंहपुर (ईएमएस)। . प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत पंजीयन शिविर नगरपालिका करेली में मंगलवार को सम्पन्न हुआ। शिविर में 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की आयु के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों का पंजीयन किया गया। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित एक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना है। इस योजना के अंतर्गत श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3 हजार रुपये की न्यूनतम पेंशन प्रदान की जाती है। योजना में श्रमिक द्वारा निर्धारित मासिक अंशदान जमा किया जाता है तथा केंद्र सरकार द्वारा भी समान राशि का योगदान किया जाता है। पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड, आधार एवं ई-श्रम में पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा बैंक पासबुक शामिल हैं। जिन श्रमिकों का ई-श्रम पंजीयन नहीं हुआ है, उनके लिए शिविर में तत्काल ई-श्रम पंजीयन की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 02 जून 2026